जन्मदिन पार्टी में विवाद के बाद युवक पर चढ़ाई गाड़ी, मौत; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। जिला पुलिस ने उरगा थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने मामूली विवाद के बाद एक युवक पर गाड़ी चढ़ाकर उसकी जान ले ली थी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 3 जुलाई 2026 की रात लगभग 11:00 बजे दीपका क्षेत्र के 10-12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए उरगा क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट गए थे। रिजॉर्ट के भीतर किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्ज्वल कुमार सिंह के बीच बहस हो गई। चेक-आउट करने के बाद जब सभी युवक रिजॉर्ट के बाहर सड़क पर पहुंचे, तो तुषार और उज्ज्वल के बीच दोबारा विवाद शुरू हो गया। इसी बीच, गुस्से में आकर आरोपी तुषार ढांडा अपनी बोलेरो कैंपर गाड़ी में बैठा और उसने वाहन को सीधे उज्ज्वल कुमार सिंह के ऊपर चढ़ा दिया। इस भयानक टक्कर से उज्ज्वल गंभीर रूप से घायल हो गया और आरोपी मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घायल उज्ज्वल को उसके दोस्तों ने तुरंत जिला चिकित्सालय, कोरबा पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए उरगा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में पुलिस ने नए कानून के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।