Uncategorized

राज ज्वेलर्स छुरी लूट कांड का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल, एक फरार

कोरबा। कोरबा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बहुचर्चित ‘राज ज्वेलर्स’ छुरी लूट प्रकरण का महज कुछ ही दिनों के भीतर सफल खुलासा करते हुए पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले का एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पकड़े गए आरोपी पूर्व में हत्या और दुष्कर्म जैसे संगीन मामलों में जेल जा चुके हैं और जेल के भीतर ही उन्होंने इस नई डकैती की पूरी रूपरेखा तैयार की थी।

ग्राहक बनकर घुसे थे, महिला के भेष में था एक आरोपी

घटना 1 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 01:00 बजे की है। छुरीकला (वार्ड क्रमांक-10) स्थित राज ज्वेलर्स के संचालक राजकुमार अग्रवाल दुकान में अकेले थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए। चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस से बचने के लिए इनमें से एक आरोपी महिला के भेष में आया था।चांदी की अंगूठी देखने के बहाने आरोपियों ने दुकानदार को काउंटर के पास बुलाया। मौका पाकर एक आरोपी ने दुकान का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने सीधे प्रार्थी की छाती पर देशी कट्टा अड़ा दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित की आंखों में मिर्च पाउडर झोंकने की भी कोशिश की और दुकान में रखे आभूषण बैग में भरने लगे। हालांकि, दुकान के बाहर अचानक भीड़ जुटने के कारण आरोपी घबरा गए और लूट की रकम छोड़ भाग खड़े हुए। हड़बड़ाहट में वे अपनी चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टा मौके पर ही छोड़ गए।सीसीटीवी और जंगलों में खाक छानने के बाद मिली सफलताघटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, एएसपी कटघोरा नीतीश कुमार ठाकुर और सीएसपी दर्री विमल कुमार पाठक के मार्गदर्शन में साइबर सेल और कटघोरा पुलिस ने संयुक्त मोर्चा संभाला। जांच के दौरान पुलिस टीम ने शहर और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। शातिर आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए मुख्य रास्तों को छोड़कर जंगल के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस टीमों ने जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर सहित कई संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सटीक सूचना पर आखिरकार पुलिस ने दो आरोपियों को धर दबोचा। तीनों आरोपी जेल में बंद थे, जहां तीनों की दोस्ती हुई और उन्होंने जेल से छूटने के बाद बड़ी लूट को अंजाम देने का प्लान बनाया था। इसके लिए उन्होंने बाकायदा एक चोरी की मोटरसाइकिल (चेचिस नंबर: MD2B77AX2PWC03386) और अवैध देशी कट्टे का इंतजाम किया था।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 237/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6), 61(2)(क) एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें माननीय न्यायालय कटघोरा के समक्ष पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

इस टीम ने निभाई सराहनीय भूमिका

इस अंधे कत्ल और सनसनीखेज डकैती के प्रयास को सुलझाने में कटघोरा थाना प्रभारी मोती लाल पटेल, निरीक्षक धर्मनरायण तिवारी, साइबर थाना उपनिरीक्षक (SI) अजय सोनवानी, सहायक उपनिरीक्षक (ASI) राम पाण्डेय, राजेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा, अनुज सिंह, राजेश कवर, आरक्षक डेमन ओग्रे, अलोक टोप्पो, सुशील यादव, संजू सिंह, श्याग सिदार, वीरकेश्वर सिंह, रवि कुमार, गोपाल यादव, प्रशांत सिंह, रितेश शर्मा और सुनील सिंह सहित पूरी विशेष टीम की भूमिका सराहनीय रही।

गिरफ्तार एवं फरार आरोपियों का विवरण:

गिरफ्तार आरोपी: 1. गोपाल सिंह गोंड (38 वर्ष), पिता: स्व. उज्जवल सिंह गोंड, निवासी: ग्राम घुचापुर (चौकी कोरबी, थाना पसान), जिला कोरबा। 2. परदेशी राठिया (40 वर्ष), पिता: गुरुवार सिंह, निवासी: ग्राम जिलगा (बरपाली), थाना श्यांग, जिला कोरबा।

फरार आरोपी: विष्णु प्रसाद राठिया, पिता: मोहन राठिया, निवासी: ग्राम कोलगा, थाना करतला, जिला कोरबा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *