छुरीकला में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट का प्रयास, मिर्च पाउडर और चाकू से हमला कर फरार हुए बदमाश
कटघोरा/कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरीकला मुख्य मार्ग स्थित राज ज्वेलर्स में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े लूट का प्रयास किया गया। तीन बदमाशों ने दुकान में घुसकर पहले चांदी के गहने दिखाने की बात कही, फिर सोना-चांदी के जेवर लेकर भागने की कोशिश की। विरोध करने पर उन्होंने मिर्च पाउडर छिड़का, चाकू से हमला किया और एक कर्मचारी को दांत से काटकर घायल कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे प्लैटिना मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन युवक दुकान में दाखिल हुए। संदिग्ध हरकतों पर दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल और कर्मचारियों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने हमला कर खुद को छुड़ा लिया। इस दौरान आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंचे और उन्हें रोकने की कोशिश की।

भागने की जल्दबाजी में आरोपी अपनी बिना नंबर की प्लैटिना मोटरसाइकिल और दुकान के काउंटर पर एक देशी कट्टा छोड़ गए। बताया जा रहा है कि उनके हाथ कुछ आर्टिफिशियल तथा कुछ असली जेवरात लगे हैं। हालांकि लूटे गए सामान की वास्तविक मात्रा का आकलन पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगा।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी एम. बी. पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। जिलेभर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।


