पाली में कलेक्टर का सख्त एक्शन: घटिया निर्माण पर कड़ी नाराजगी, दोषपूर्ण कार्य सुधारने के निर्देश, कॉन्फ्रेंस हॉल की धीमी रफ्तार पर ठेकेदार को नोटिस

कोरबा।पाली विकासखंड में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विभिन्न निर्माण एजेंसियों द्वारा संचालित प्रगतिरत कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी निर्माणाधीन भवनों में तकनीकी स्वीकृति (टीएस) के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही दोषपूर्ण कार्यों को तत्काल सुधारने की हिदायत दी।
कलेक्टर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को कार्यस्थलों पर मैनपावर बढ़ाने, लंबित कार्यों को तय समयसीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम पाली रोहित सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

दरवाजे और सेनेटरी फिटिंग्स मानक अनुसार नहीं, बदलने के निर्देश
पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत लाफा में डीएमएफ से निर्मित चिकित्सक आवास के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को दरवाजे, प्लंबिंग फिटिंग्स और सेनेटरी कार्य तकनीकी प्राक्कलन के अनुरूप नहीं मिले। इस पर उन्होंने अमानक दरवाजों को हटाकर अनुमोदित मानकों के अनुसार तत्काल बदलने के निर्देश दिए।
भवन में पुताई की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई और कई स्थानों पर सीपेज दिखाई देने पर उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। दीवारों में सीलन और दरार से बचाव के लिए डबल लेयर पुट्टी और गुणवत्तापूर्ण पुताई कराने को कहा। साथ ही भवन तक पहुंच मार्ग के लिए सीसी रोड और पेयजल व्यवस्था हेतु बोरवेल निर्माण के निर्देश दिए गए।
जेमरा में घटिया ढलाई, तोड़कर दोबारा निर्माण के निर्देश
जेमरा में निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर कलेक्टर ने ढलाई कार्य को तोड़कर पुनः कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने और लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

आंगनबाड़ी भवन में सुधार के निर्देश
धौराभांठा में प्रगतिरत आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के अनुरूप खिड़कियां लगाने, जर्जर भवनों को हटाने के लिए सूची तैयार करने तथा नए आंगनबाड़ी भवन के लिए सर्वे कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा।

कॉन्फ्रेंस हॉल की धीमी प्रगति पर सख्ती
नवीन महाविद्यालय पाली में निर्माणाधीन कॉन्फ्रेंस हॉल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने क्रियान्वयन एजेंसी को ठेकेदार को नोटिस जारी करने, कार्यस्थल पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
सड़क निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण
माखनपुर से जूनापारा तक निर्मित पीएम जनमन सड़क का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही चैतुरगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ तेजी से कार्य पूर्ण करने हेतु संबंधित विभाग को निर्देशित किया।
औचक निरीक्षण के बाद निर्माण एजेंसियों में हड़कंप मच गया है और अब गुणवत्ता व समयसीमा को लेकर सख्ती स्पष्ट रूप से नजर आ रही है।


