मुड़ापार शारदा बाईपास पर तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में चालक की मौत

कोरबा।मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत मुड़ापार शारदा मोड़ के पास देर रात लगभग 2 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन की चपेट में आने से एक चालक की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस द्वारा वाहन मालिक को घटना की सूचना दे दी गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह इलाका आबादी क्षेत्र के अंतर्गत आता है। वार्ड क्रमांक 28 के पार्षद गोपाल कुर्रे ने पूर्व में इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। उनका कहना था कि रिहायशी क्षेत्र होने के कारण यहां भारी वाहनों के प्रवेश से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपी चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


