Uncategorized

QLOF एप को लेकर नया अपडेट…वादे से मुकरी, 6 हजार रुपए देकर केवाईसी सत्यापन कराने वालों को सोमवार को नहीं मिली शेष राशि, ठगने के लिए केवाईसी प्रमाणन का समय एक दिन बढ़ाया 

झांसे में आने से बचें, वेतन खाता से निकासी देकर दिया जा रहा है झांसा, 10 दिनों से लगातार मैसेज भेजकर किया जा रहा है गुमराह

कोरबा। एक बार रकम निवेश करके घर बैठे मोबाइल एप से ऑनलाइन कई गुना रकम कमाने का झांसा देकर लोगों को फंसाने वाली QLOF कंपनी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।

कंपनी की ओर से शुक्रवार को मैसेज करके भारत सरकार के केंद्रीय एजेंसियों के निगरानी में आने का हवाला देते हुए 6 हजार रुपए देकर केवाईसी प्रमाणन आवश्यक बताया गया। केवाईसी प्रमाणन प्रक्रिया के लिए पहले 28 एवं 29 जून अंतिम दिन बताया गया था। उक्त अवधि तक केवाईसी सत्यापन नहीं होने पर 30 जून को निवेशकों के खाते फ्रीज करने की बात कही गई थी। इससे पहले शनिवार को कथित केवाईसी सत्यापन कराने वालों के वेतन खाते खुले जिसमें कंपनी की ओर से कमीशन के तौर पर प्रतिदिन सैलरी दिया जाता है। 6 हजार देकर कोई 1000 तो कोई 2000 और कोई पहले से जमा सैलरी की मोटी रकम भी पाया। कंपनी वेतन खाता खोलकर निवेशकों को लुभाने का प्रयास किया जिससे ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग कथित केवाईसी प्रमाणन करें। लेकिन ऐसा नहीं हुआ तो कंपनी की ओर से रविवार 30 जून को अंतिम दिन बताकर केवाईसी प्रमाणन के लिए कहा गया। निवेशकों को सोमवार को इंतजार था, क्योंकि कंपनी की ओर से केवाईसी सत्यापन करा चुके ग्राहकों को उनके खाते से शेष राशि निकालने का मैसेज किया गया था। सोमवार 1 जुलाई की सुबह जब रकम निकालने का समय हुआ तो कंपनी वादे से मुकरते हुए नया मैसेज जारी कर दिया, जिसमें शेष राशि और वेतन की निकासी मंगलवार 2 जुलाई को फिर से शुरू होगी। इसके साथ ही जिन उपयोगकर्ताओं ने केवाईसी सत्यापन पूरा नहीं किया है इसके लिए कंपनी और संबंधित विभागों के शोध और निर्णय के बाद केवाईसी प्रमाणन का समय एक दिन बढ़ा दिया गया है, और आज आखिरी दिन है ऐसा मैसेज किया गया। अब 6 हजार देकर केवाईसी सत्यापन कराने वाले भी खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। लगातार कंपनी की ओर से टालमटोल किए जाने से साफ है कि कथित केवाईसी प्रमाणन के नाम पर 6-6 हजार का चूना लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

आज सुबह जारी किया गया नया मैसेज