महंगाई व बेरोजगारी रोकने बीजेपी के पास कोई ठोस उपाय नहीं
संकल्प पत्र छलावा से ज्यादा कुछ नहीं : डॉ. महंत




कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के द्वारा जारी चुनावी संकल्प पत्र को छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने छलावा से ज्यादा कुछ नहीं करार देते हुए कहा कि इसमें महंगाई से त्रस्त जनता और भीषण बेरोजगारी की मार झेल रहे युवाओं को राहत देने के लिए न तो कोई बात की गई है और न ही कोई उपाय इनके पास है। यह घोषणा पत्र निराशाजनक है जिसमें बीजेपी ने सिर्फ और सिर्फ अपने फायदे के लिए जनता को संकल्प के नाम पर छलावा दिखाकर बरगलाने का काम किया है। किसानों के लिए आज तक एमएसपी लागू नहीं कर पाए। भाजपा की कथनी और करनी में बहुत अंतर है जिसे पिछले 10 साल से जनता देख रही है। 10 साल में केन्द्र की बीजेपी सरकार कुछ खास नहीं कर पाई और अब 2047 के सपने दिखाकर देश का संविधान व लोकतंत्र को मनमाने ढंग से तोड़-मरोड़ कर पेश करने की कोशिश में लगे हैं। देश की जनता अब इनके बहकावे में नहीं आने वाली।
बाबा साहब को डॉ. महंत ने अर्पित किये श्रद्धासुमन

छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।
कोरबा व जांजगीर में डॉ. महंत ने बाबा साहब के छायाचित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर कहा कि बाबा साहब ने विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्रात्मक देश भारत के संविधान की रचना की। भारतवासियों को समानता का अधिकार दिया। बाबा साहब के बताए रास्तों पर यह देश और देशवासी निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।