Uncategorized

बिलासपुर एसीबी की दो बड़ी कार्रवाई: पुलिस ASI और ADM कार्यालय का कर्मचारी रिश्वत लेते गिरफ्तार

बिलासपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की बिलासपुर इकाई ने आज दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक पुलिस सहायक उप निरीक्षक (ASI) और अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (ADM) कार्यालय के कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

पहला मामला: थाना चंद्रपुर का ASI गिरफ्तार
एसीबी के अनुसार, सक्ती जिले के थाना चंद्रपुर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
बताया गया कि शिकायतकर्ता शिव प्रसाद बरेठ (ग्राम बालपुर) ने एसीबी कार्यालय बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उसके और परिवार के खिलाफ दर्ज मारपीट के मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के एवज में ASI द्वारा 40 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
जांच में 20 हजार रुपये पहले लिए जाने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद 10 मई को गुड्डू ढाबा, चंद्रपुर में शेष 20 हजार रुपये लेते समय एसीबी टीम ने आरोपी को पकड़ लिया और रकम बरामद कर ली।

दूसरा मामला: ADM कार्यालय का कर्मचारी गिरफ्तार
दूसरे मामले में एसीबी ने अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कार्यालय, बिलासपुर में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी विजय पांडेय को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
शिकायतकर्ता देवेंद्र कश्यप (करगी रोड, कोटा) ने बताया कि उसके होटल से जुड़े खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रकरण में जुर्माना कम कराने के बदले 20 हजार रुपये की मांग की गई थी।
एसीबी के अनुसार, आरोपी पहले 5 हजार रुपये ले चुका था और 10 मई को कार्यालय में ही शेष 15 हजार रुपये लेते समय टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
दोनों मामलों में कार्रवाई
एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ब्यूरो ने यह भी बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी रिश्वत मांगने की शिकायतें मिलती रही थीं।
एसीबी की अपील
एसीबी ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी लोकसेवक रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एंटी करप्शन ब्यूरो को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *