विश्व रेडक्रास दिवस पर कोरबा में कल लगेगा मेगा कैंसर जांच शिविर
जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में महिलाओं की होगी निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य जांच

कोरबा। महिलाओं को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करने एवं समय पर इसकी पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा विश्व रेडक्रास दिवस के अवसर पर 08 मई 2026 (शुक्रवार) को जिलेभर के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क “कैंसर जांच एवं महिला स्वास्थ्य शिविर” आयोजित किया जाएगा।
“स्वस्थ महिला, सशक्त परिवार, स्वस्थ समाज” थीम के तहत आयोजित इस विशेष शिविर का संचालन कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी के नेतृत्व में किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में बढ़ रहे कैंसर के मामलों की शुरुआती अवस्था में पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। शिविर में महिलाओं के संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श भी दिया जाएगा।
शिविर में उपलब्ध रहेंगी ये सुविधाएं
शिविर में ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर एवं ओरल कैंसर की प्रारंभिक स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके साथ ही सिकलिंग, थैलेसेमिया, एनीमिया, रक्तचाप एवं मधुमेह (शुगर) की जांच भी निःशुल्क की जाएगी। महिलाओं की अन्य शारीरिक समस्याओं, प्रजनन स्वास्थ्य एवं स्त्री रोग संबंधी परामर्श के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भी मौजूद रहेगी।
इसके अलावा महिलाओं को कैंसर से बचाव, समय पर जांच के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में जागरूकता एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा।
समय पर जांच से बच सकती है जिंदगी
सीएमएचओ डॉ. एस. एन. केशरी ने कहा कि वर्तमान समय में कैंसर जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, लेकिन यदि शुरुआती चरण में इसकी पहचान हो जाए तो सही उपचार के माध्यम से इसे काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था की गई है।
महिलाओं से शिविर में पहुंचने की अपील
कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं सीएमएचओ डॉ. एस. एन. केशरी ने जिले की सभी महिलाओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर इस निःशुल्क शिविर का लाभ अवश्य लें तथा अन्य महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित करें।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने, तंबाकू एवं नशीले पदार्थों से दूर रहने और किसी भी असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।


