नशे पर लगाम: 2 दिन में 68 चालकों पर कार्रवाई, कोरबा पुलिस का सख्त शिकंजा

कोरबा।“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए महज दो दिनों में 68 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की है। यह कार्रवाई विशेष रूप से नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध की गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में जिलेभर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दोपहिया, चारपहिया एवं भारी वाहनों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान जो चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए, उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से सड़क सुरक्षा को खतरे में डालने वाले लापरवाह चालकों में हड़कंप मच गया है।
कोरबा पुलिस द्वारा लगातार सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान चलाए जा रहे हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
अपील:
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशे में वाहन न चलाएं और अपनी व दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें। सुरक्षित यातायात हम सभी की जिम्मेदारी है।


