कोरबा में 90+ गुंडा बदमाशों की सख्त पुलिस परेड: “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान में दोबारा अपराध पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

कोरबा। जिले में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस की सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अपराधियों पर सतत निगरानी रखते हुए संगठित कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोरबा में 90 से अधिक निगरानी बदमाशों एवं गुंडा तत्वों की विशेष परेड आयोजित की गई। परेड के दौरान सभी की उपस्थिति दर्ज कराई गई और उनकी वर्तमान गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली गई।
परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने सभी बदमाशों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट कहा कि वे अपराध से दूर रहें, कानून व्यवस्था बनाए रखें और समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन जिएं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों को समझाइश देते हुए कहा कि वे अपनी गतिविधियों में सुधार लाएं और वैधानिक जीवन अपनाएं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि पुलिस द्वारा सभी हिस्ट्रीशीटरों और निगरानी बदमाशों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
थाना और चौकी स्तर पर पुलिस कर्मियों को इनकी निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत मिल सके और समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
कोरबा पुलिस का उद्देश्य सिर्फ अपराधियों पर अंकुश लगाना नहीं, बल्कि उन्हें सुधार कर समाज की मुख्यधारा में वापस लाना भी है, जिससे जिले में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रह सके।
पुलिस की अपील :
आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 में दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


