एसईसीएल खदान में धधका कोयला टीपर, चालक ने कूदकर बचाई जान; जलकर खाक हुआ वाहन, मचा हड़कंप
कोरबा। एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में आज दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। खदान के गोदावरी फेस में कोयला परिवहन में लगे सोनू-मोनू कंपनी के टीपर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, कोयले से भरा टीपर लोडिंग के बाद गोदावरी फेस से बाहर निकल रहा था, तभी वाहन से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने बिना देर किए वाहन से छलांग लगा दी, जिससे वह सुरक्षित बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टीपर में आग बुझाने के लिए कोई फायर सेफ्टी उपकरण मौजूद नहीं था, जिससे सुरक्षा मानकों की अनदेखी उजागर हुई। आग लगते ही खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक टीपर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
रास्ता अस्थायी रूप से बंद
घटना के चलते गोदावरी फेस की ओर जाने वाला मार्ग कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया, जिससे कोयला परिवहन प्रभावित हुआ। बाद में वैकल्पिक व्यवस्था कर कार्य फिर से शुरू किया गया।
सुरक्षा में लापरवाही पर सवाल
कुसमुंडा खदान में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद ठेका कंपनियां सुरक्षा उपायों को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही हैं।
जांच और कार्रवाई की मांग
सोनू-मोनू कंपनी के वाहनों में फायर सिलेंडर तक नहीं होने की बात सामने आई है। घटना के बाद श्रमिक संगठनों ने मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


