“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान का असर: ट्रांसपोर्टरों को सख्त चेतावनी, भारी वाहनों में रेडियम टेप अनिवार्य—नियम तोड़ने पर लाइसेंस निलंबन तक कार्रवाई की चेतावनी
कोरबा। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बालको प्लांट परिसर में ट्रांसपोर्टरों एवं बालको प्रबंधन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क हादसों की रोकथाम को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए।
थाना बालको नगर क्षेत्रांतर्गत आयोजित इस बैठक में पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटेल द्वारा बैठक ली गई। इस दौरान सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी एवं थाना प्रभारी बालको युवराज तिवारी भी उपस्थित रहे।
बैठक में ट्रांसपोर्टरों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से भारी वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और रात्रि दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु सभी वाहनों के पीछे अनिवार्य रूप से रेडियम (रिफ्लेक्टिव टेप) लगाने को कहा गया।
आगामी दिनों में विशेष अभियान चलाकर सघन वाहन चेकिंग की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों/मालिकों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, यातायात नियमों का पालन नहीं करने पर ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु सक्षम प्राधिकारी को प्रस्ताव भी भेजा जाएगा।
कोरबा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।


