Uncategorized

मल्टीलेवल पार्किंग से सुधरेगी यातायात व्यवस्था, व्यापारियों और प्रशासन में बनी अहम सहमति

कोरबा। शहर में नवनिर्मित मल्टीलेवल पार्किंग के संचालन और पावर हाउस रोड की बिगड़ी यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन और व्यापारियों के बीच महत्वपूर्ण सहमति बन गई है। शुक्रवार को नगर पालिक निगम कोरबा के साकेत स्थित मुख्य प्रशासनिक भवन में आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में तय किया गया कि पावर हाउस रोड के सभी व्यापारी अपने वाहन मल्टीलेवल पार्किंग में ही खड़ा करेंगे और वहां से ई-कार्ट के माध्यम से अपनी दुकानों तक पहुंचेंगे। साथ ही वे अपने ग्राहकों को भी पार्किंग का उपयोग करने के लिए प्रेरित करेंगे।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए कई सख्त निर्णय लिए गए—
पावर हाउस रोड पर बड़ी गाड़ियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, उन्हें ओवरब्रिज से गुजरना होगा।
ट्रैक्टर और मालवाहक वाहनों के लिए निर्धारित समय तय किया जाएगा, उसी समय में वे माल की डिलीवरी कर सकेंगे।
दर्री रोड ओवरब्रिज से ट्रक, ट्रैक्टर और बसों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा, आवश्यक स्थिति में प्रशासन से अनुमति लेनी होगी।
ई-कार्ट व्यवस्था से मिलेगा सहयोग
बैठक में आयुक्त ने व्यापारियों से ई-कार्ट उपलब्ध कराने में सहयोग की अपील की, जिस पर कई संस्थानों ने सहमति जताई। अनूपचंद त्रिलोकचंद, दिशा मोबाइल, पदमिनी ज्वेलर्स, ऑटो सेंटर, अग्रवाल गारमेंट्स, न्यू जेके ज्वेलर्स और लायंस क्लब बालको सहित कई प्रतिष्ठानों ने ई-कार्ट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इन ई-कार्ट पर संबंधित प्रतिष्ठान अपने व्यवसाय का प्रचार भी कर सकेंगे। निगम द्वारा इनके संचालन के लिए ड्राइवर उपलब्ध कराए जाएंगे और समय-समय पर रखरखाव भी किया जाएगा।
बैठक में अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, पुलिस प्रशासन के अधिकारी, निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, उपायुक्त नीरज कौशिक, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, सहायक अभियंता पीयूष राजपूत, राहुल मिश्रा, विनोद कुमार गोंड, उप जोन प्रभारी अजय कुमार अग्रवाल सहित चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन, राकेश अग्रवाल, महेश अग्रवाल, मोहम्मद नूर आरबी, मोहम्मद आजाद, विपिन कुमार जैन, भगवानदास अग्रवाल, राजेश गुप्ता, जयकिशन सोनी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *