सजग कोरबा, सतर्क कोरबा: एक साल पुरानी चोरी का बड़ा खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार, 8 लाख का माल बरामद

कोरबा। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कटघोरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक वर्ष पूर्व अधिवक्ता के घर हुई चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया है। पहले गिरफ्तार दो आरोपियों के बाद पुलिस ने चार अन्य आरोपियों समेत चोरी का माल खरीदने वाले व्यापारी को भी गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कोरबा जिले में अपराधों पर नियंत्रण के लिए
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर एवं एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अधिवक्ता राकेश पांडेय के सूने मकान में हुई चोरी के मामले की गहन जांच की गई।
जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल 2025 को पुरानी बस्ती कटघोरा स्थित अधिवक्ता राकेश पांडेय के घर का ताला तोड़कर अज्ञात आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने घर से लगभग 10 तोला सोने के जेवरात, जिसमें रानी हार सेट, झुमके, सोने की चेन, चांदी की पायल तथा नगदी रकम चोरी कर ली थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच में जुटी रही। पहले पुलिस ने अमित खांडे और गौतम कुमार जांगड़े को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों सुशील शुक्ला, गणेश दास, अनिल नामदेव तथा चोरी का माल खरीदने वाले व्यापारी हिमेश सोनी निवासी चांपा जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी किए गए जेवरात हिमेश सोनी को बेच दिए थे।
पुलिस टीम ने सभी को चांपा क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 10 ग्राम सोने का मंगलसूत्र लॉकेट, 2 जोड़ी चांदी की पायल, लगभग 3 तोला सोने का बिस्किट, नगदी रकम तथा पूर्व में बरामद रानी हार सेट, झुमका और सोने की चेन सहित कुल करीब 8 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
कटघोरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें, सीसीटीवी कैमरे चालू रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आम जनता में सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


