कोयला लदे ट्रेलर का कहर: बाइक पर पलटने से महिला की मौत, दो मासूम बाल-बाल बचे
कोरबा। पसान थाना क्षेत्र के लैंगा–जटगा मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोयले से भरा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर बाइक पर पलट गया, जिससे बाइक सवार एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो पोते मामूली रूप से घायल हो गए।
मृतका की पहचान बालकुंवर (62) के रूप में हुई है, जो धनरास गांव, पसान की निवासी थीं। वे अपने दो पोतों के साथ बाइक से इलाज कराकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान घाटी क्षेत्र में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

कोयले के ढेर में दबे तीनों, महिला की मौके पर मौत
हादसा इतना भयावह था कि ट्रेलर पलटते ही बाइक सवार तीनों लोग कोयले के ढेर में दब गए। एक पोता पूरी तरह कोयले में दब गया था, जबकि दूसरा सड़क किनारे जा गिरा। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दबे युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस पहुंची मौके पर, चालक पर मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पसान थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कोयला हटाकर बहाल किया गया यातायात
हादसे के बाद सड़क पर कोयला बिखर गया था, जिसे दूसरे वाहन की मदद से हटाकर यातायात बहाल किया गया। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और शोक में डूब गए।
ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा उपायों की मांग
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लैंगा–जटगा मार्ग की घाटी में तेज रफ्तार भारी वाहन अक्सर हादसों का कारण बनते हैं। उन्होंने कोयला परिवहन में लगे ट्रेलरों की बेलगाम गति पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई और इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


