Uncategorized

रेत से भरा ट्रैक्टर बना काल: एक युवक की मौत, दो घायल

उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी गांव की घटना, सोन नदी से लौटते समय हुआ हादसा

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मड़वारानी में गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सोन नदी से रेत लेकर लौट रहा एक ट्रैक्टर ग्राम जर्वे के पास अनियंत्रित होकर पलट गया।
जानकारी के अनुसार मड़वारानी निवासी शिवकुमार पटेल (29), पिता दुबराज पटेल, अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर लेकर सोन नदी गए थे। दोपहर में रेत लेकर वापस लौटते समय ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि शिवकुमार ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया, जबकि चालक अमित कुमार समेत एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद शिवकुमार को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों घायलों का उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर उरगा पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *