Uncategorized

जादू-टोना के शक में नाबालिग ने बुजुर्ग महिला पर किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनपुर गांव में सोमवार को जादू-टोना के शक में एक नाबालिग द्वारा बुजुर्ग महिला पर किए गए हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी नाबालिग पिछले दो वर्षों से मानसिक रूप से बीमार है और नशे का आदी भी बताया जा रहा है। सोमवार को उसने गांव में रहने वाली भरतीन बाई पर चारा काटने वाले फरसे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी को संदेह था कि महिला ने उस पर जादू-टोना किया है।

हमले की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया। आरोपी के पिता ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा लंबे समय से मानसिक बीमारी और नशे की लत से जूझ रहा है, जिसका कई बार इलाज भी कराया गया, लेकिन कोई खास सुधार नहीं हुआ।
कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जादू-टोना के शक में हमला करने की बात सामने आई है। आरोपी नाबालिग है, जिसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *