कोरबा में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बालको पुलिस की अभिनव पहल, 300 सदस्यीय ग्राम रक्षा समितियों का गठन

कोरबा। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बालको नगर पुलिस ने एक अभिनव पहल करते हुए ग्राम रक्षा समितियों का गठन किया है। इस पहल के माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना और चौकी स्तर पर लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज के निर्देशानुसार थाना बालको नगर क्षेत्र के विभिन्न गांवों के सक्रिय महिला एवं पुरुषों को जोड़ते हुए ग्राम रक्षा समितियों का गठन किया गया।

आज थाना बालको के मंगल भवन में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, थाना प्रभारी युवराज तिवारी, क्षेत्र के पार्षदगण एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में लगभग 300 महिला एवं पुरुषों को ग्राम रक्षा समिति का सदस्य बनाया गया। इस दौरान सभी सदस्यों को परिचय पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों की बैठक लेकर उन्हें गांवों में होने वाले अपराध, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम रक्षा समितियों के गठन से पुलिस और आम जनता के बीच समन्वय और अधिक मजबूत होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर त्वरित सूचना मिलने से अपराधों की रोकथाम और शीघ्र कार्रवाई में भी सहूलियत होगी।
बालको पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत आम जनता की सहभागिता से अपराध नियंत्रण और सामाजिक सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए इस तरह के जनजागरूकता और समन्वय कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।
कोरबा पुलिस द्वारा अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है।


