कोरबा

खदान में घुसकर पीसी मशीन से डीजल चोरी, बोलेरो समेत दो आरोपी पकड़ाए 

कोरबा। एसईसीएल के गेवरा खदान में शुक्रवार को बोलेरो सीजी 12बीडी 7191 लेकर दो लोग अनाधिकृत रूप से घुस गए थे। उन्होंने बी-2 कोल स्टाक में लगे पीसी मशीन से लगभग 350 लीटर डीजल चोरी की। खदान के सुरक्षा उप निरीक्षक नंदलाल राय ने चोरी की रिपोर्ट दीपका थाना में लिखाई। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर जांच में लिया। मामले की जानकारी होने पर एसपी जितेंद्र शुक्ला ने त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। दीपका थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी राठौर के नेतृत्व में थाने का स्टाफ बोलेरो की तलाश करते हुए वाहन स्वामी ग्राम कोरईथाना बाकीमोंगरा निवासी अरविंद कुमार उम्र 23 तक पहुंची। जो पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। घेराबंदी करके उसे पकड़ा गया। पूछताछ करने पर उसने अपने एक अन्य साथी नाजीर खान उर्फ टोपे उम्र 24 निवासी नोनबिर्रा के साथ मिलकर खदान से डीजल चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी में प्रयुक्त बोलेरो, पाइप व 4 जरीकेन में रखा चोरी का 140 लीटर डीजल जब्त किया। वहीं उसके साथी नाजीर खान को पकड़कर उसके पास से 5 जरीकेन में लगभग 175 लीटर डीजल जप्त किया गया है। इस तरह चोरी किए गए 350 लीटर डीजल में करीब 35 लीटर वे खपा चुके थे। पुलिस ने चोरी के मामले में दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।