पुलिस इलेवन से फाइनल मैच जीतकर स्व. केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता टीम बनी बालको इलेवन
पुलिस इलेवन को 75 रनों से हराया, पिछले वर्ष भी पुलिस इलेवन को हराकर बालको की टीम ने हासिल की थी विनिंग ट्रॉफी

कोरबा। जिले में क्रिकेट का महाकुंभ कहे जाने वाले स्व. केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता के 19वें वर्ष के फाइनल मुकाबले को जीतकर बालको इलेवन लगातार दूसरे वर्ष प्रतियोगिता की विजेता टीम बन गई। पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी बालको इलेवन की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 238 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस इलेवन की टीम के लगातार विकेट गिरने से दबाव में आ गई। निर्धारित ओवर में टीम 9 विकेट के नुकसान पर 163 रन ही बना सकी। इस तरह 75 रन के अंतर से बालको इलेवन ने फाइनल मुकाबला जीतकर प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। वहीं पुलिस इलेवन की टीम उप विजेता बनी। बालको इलेवन की टीम ने जीत के बाद घंटाघर मैदान में जश्न मनाया। इस दौरान वेदांता बालको की हेड पब्लिक रिलेशन एंड कम्युनिकेशन मिस सुची मिश्रा, पब्लिक रिलेशन डिपार्टमेंट से प्रखर सिंह ने मंच से उतरकर टीम के खिलाड़ियों के पास पहुंचकर उनके जश्न में शामिल होकर उन्हें शुभकामनाएं दी।
मैदान पर इन्होंने किया कमाल, सभी पुरस्कार बालको के खिलाड़ियों को
शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच के साथ ही मैन ऑफ द सीरिज का पुरस्कार ज्योतिस सिन्हा को दिया गया। प्रतियोगिता के बेस्ट बेट्समेन का पुरस्कार संजय कुर्रे, बेस्ट बॉलर का पुरस्कार पी. राजा व बेस्ट फिल्डर का पुरस्कार अजय दास को दिया गया। इस तरह सभी पुरस्कार बालको के खिलाड़ियों ने हासिल किया।
