Uncategorized

लव ट्राएंगल में मर्डर…महिला से एकतरफा प्यार में पागल था पड़ोसी मछली व्यापारी, रास्ते से हटाने उसके प्रेमी की कर दी हत्या

पुलिस को मिली अंधे कत्ल के मामले को सुलझाने में सफलता, आरोपी गिरफ्तार, दीपका का हत्याकांड भी खुलासे के करीब, जायदाद के चक्कर में अपने ही बने कातिल

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम छुरी निवासी सुभाष देवांगन की सोमावर-मंगलवार की रात हत्या हो गई थी। उस रात वह अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने गया था। जहां से वापस घर लौटते समय वारदात हुई थी। हत्या प्रेमिका के घर से कुछ दूरी के फासले पर पुराना कोसा ऑफिस के पास हुई थी। कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी राठौर व साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सनत सोनवानी के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस टीम ने 48 घंटे के भीतर मामला सुलझा लिया।

हत्या की वारदात को छुरी गांव में सुभाष देवांगन की प्रेमिका के घर के पास रहने वाले बलराम साहू ने अकेले अंजाम दिया था। वह महिला से एक तरफा प्यार करता है, जो उससे मोबाइल पर बात तो करती थी लेकिन प्यार के प्रस्ताव को ठुकरा दे रही थी। दरअसल महिला का शादी से पहले से सुभाष देवांगन से प्रेम संबंध था। महिला की शादी दूसरी जगह होने पर सुभाष ने उसके ससुराल जाकर उसके पति और ससुराल वालो को प्रेम संबंध के बारे में बता दिया था। तब उसे ससुराल से निकाल दिया गया था। वह मायके में आकर रह रहने लगी। सुभाष देवांगन को वह पति मानती थी। घर में मिलना जुलना भी होने लगा था। इसलिए वह बलराम साहू पर ध्यान नहीं दे रही थी, जबकि बलराम साहू उसे हर हाल में पाना चाह रहा था यही सुभाष देवांगन की हत्या की वजह बनी। बलराम साहू ने अपने प्यार को पाने रास्ते में बाधा बने सुभाष देवांगन को हटाने के लिए योजना बनाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बलराम साहू ने हत्या करने और बचने की पूरी योजना बना रखी थी लेकिन पुलिस की जांच पड़ताल में वह 48 घंटे के भीतर पकड़ा गया।

परसूल को वेल्डिंग कराकर बनाया हथियार

अकेले ही हत्या करने के दौरान हथियार छोटा होने पर सुभाष देवांगन के बचने की कोशिश करने पर उसके सफल होने और हल्ला होने की सोच कर बलराम साहू ने योजना बनाई। उसने मछली काटने वाले परसूल में पाइप वेल्डिंग करा कर टांगिया के जैसा लंबा धारदार हथियार तैयार कर लिया। घटना की रात वह सुभाष देवांगन के प्रेमिका के घर जाने के बाद पास के अपने पुराने घर में छुप गया, जहां पहले से उसने हथियार छुपा कर रखा था। वह सुभाष देवांगन के लौटने का इंतजार कर रहा था। देर रात जब सुभाष देवांगन वहां से निकलकर जा रहा था तब बलराम साहू ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। सुभाष देवांगन को बचने का मौका ही नहीं मिला और मौके पर ढेर हो गया।

घटनास्थल पर मिले हथियार से पुलिस को मिला सुराग

घटनास्थल पर पुलिस को हत्या में प्रयुक्त परसुल मिला था जिसमें वेल्डिंग किए जाने का निशान था।पुलिस को समझ आ गया कि वेल्डिंग कर आगे हिस्से में कुछ जोड़ा गया था। पुलिस ने इसके आधार पर वेल्डिंग करने वाले स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई। जिसमें बलराम साहू के बारे में पता चला जो परसुल में पाइप वेल्डिंग करा कर कुछ दिन पहले ले गया था। मृतक सुभाष देवांगन की प्रेमिका ने भी बलराम साहू का नाम लिया जो उस पर प्यार करने का दबाव लगातार डाल रहा था। इस तरह पुलिस को संदेही का सुराग मिला और पूछताछ करते हुए पुलिस ने इस मामले का खुलासा कर लिया।

दीपका में हुई हत्याकांड में जायदाद का चक्कर! 

दीपका थाना क्षेत्र के गेवरा कॉलोनी के ऊर्जानगर में मंगलवार बुधवार की दरमियानी रात हुई एसईसीएल कर्मी की घर घुसकर हत्या के मामले को भी पुलिस ने लगभग सुलझा लिया है। संभवत: शुक्रवार को इस मामले का खुलासा हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक हत्याकांड में मृतक के अपने ही शामिल है। वजह जायदाद का चक्कर है। हत्याकांड पूरी साजिश के तहत पहले कहानी तैयार करके की गई। लेकिन घटनास्थल से कुछ दूर पहले मकान में लगे सीसीटीवी के फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस की जांच सही दिशा में बढ़ गई।