अडानी प्लांट के लिए भूमि अधिग्रहण के दौरान ग्रामीणों का विरोध, सभी खाताधारकों को नौकरी देने की मांग पर रुकवाया काम
कोरबा। जिले के पटाड़ी क्षेत्र में प्रस्तावित अडानी प्लांट के लिए बुधवार को भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भारी पुलिस बल और 5 से 7 मशीनों की मौजूदगी में प्रशासन ने अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू की, लेकिन रोजगार और पुनर्वास की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कार्य रुकवा दिया।
जानकारी के अनुसार, अधिग्रहण क्षेत्र में कुल 795 खाताधारक हैं, जिनमें से अब तक 128 खाताधारकों को पत्र जारी किया जा चुका है। प्रशासन भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है, वहीं प्रभावित ग्रामीणों का कहना है कि उनकी आजीविका का मुख्य आधार उनकी जमीन है। ऐसे में सभी प्रभावित परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए रोजगार की स्पष्ट व्यवस्था की जानी चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष मांग रखी कि केवल कुछ लोगों को ही नहीं, बल्कि भूमि अधिग्रहण से प्रभावित सभी 795 खाताधारकों को रोजगार दिया जाए। उनका कहना है कि जब तक रोजगार और पुनर्वास को लेकर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक अधिग्रहण कार्य आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।
विरोध की सूचना मिलते ही एसडीएम सरोज महिलांगे और अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और सहमति के आधार पर समाधान निकालने का प्रयास किया।
समाचार लिखे जाने तक प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बातचीत जारी थी। अधिग्रहण कार्य अभी रुका हुआ था। प्रशासन ने क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है, जबकि ग्रामीण अपनी मांगों पर कायम हैं।
