भारतमाला हाईवे पर दर्दनाक हादसा: मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन ग्रामीणों को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर मौत
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो गई। बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी स्थित भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीनों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि वाहन चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह तीनों ग्रामीण रोज की तरह टहलने के लिए हाईवे पर निकले थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान केदार निर्मलकर, दिलहरन वैष्णव तथा ग्राम कोरबी निवासी एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर बलौदा थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण, प्रभावी सड़क सुरक्षा व्यवस्था और नियमित गश्त की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज गति से वाहनों का संचालन लगातार हादसों का कारण बन रहा है।


