बालको ने नवीनीकृत जुबली पार्क जनता को किया समर्पित, मंत्री लखन लाल देवांगन बोले— क्षेत्र के विकास का बनेगा आदर्श

बालकोनगर। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने सिविक सेंटर स्थित नवीनीकृत जुबली पार्क का लोकार्पण छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में किया। कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश कुमार सिंह, वार्ड-43 के पार्षद हितानंद अग्रवाल, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक तथा बालको के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

उद्घाटन के बाद अतिथियों ने पार्क का भ्रमण कर बच्चों के मनोरंजन क्षेत्र, ओपन जिम, वरिष्ठ नागरिकों के विश्राम स्थल, योग प्लेटफॉर्म, वॉकिंग ट्रैक और विकसित हरित परिसर का अवलोकन किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बालको की इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि नवीनीकृत जुबली पार्क सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए स्वास्थ्य, योग, फिटनेस और मनोरंजन का बेहतर केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि बालको ने सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन, महिला सशक्तिकरण और अन्य जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। औद्योगिक विकास से रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि बालको की यह विकास यात्रा पूरे क्षेत्र के लिए आदर्श बनेगी।

बालको के सीईओ राजेश कुमार सिंह ने कहा कि कंपनी औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक और नागरिक अधोसंरचना के विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। नवीनीकृत जुबली पार्क इसी सोच का प्रतीक है, जो नागरिकों को स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामुदायिक गतिविधियों के लिए उत्कृष्ट सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराएगा।
महापौर संजू देवी राजपूत ने बालको द्वारा सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन और नेहरू नगर में नाला निर्माण सहित विभिन्न जनहितकारी कार्यों की सराहना करते हुए इस पहल के लिए कंपनी और प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
वर्ष 1990 में बालको की रजत जयंती के अवसर पर स्थापित जुबली पार्क का आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास किया गया है। पार्क में बच्चों के लिए सुरक्षित खेल उपकरण, ओपन जिम, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष बैठक व्यवस्था, योग एवं ध्यान के लिए प्लेटफॉर्म तथा आकर्षक वॉकिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। बालको का कहना है कि यह पार्क आने वाले समय में स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक मेलजोल का प्रमुख केंद्र बनेगा।



