Uncategorized

कोरबा ओवरब्रिज के नीचे सो रहे हमाल की बेरहमी से हत्या, सिर पर लाठी से ताबड़तोड़ वार कर आरोपी फरार

कोरबा। कोरबा शहर में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज हत्या की वारदात ने लोगों को झकझोर दिया। रेलवे ओवरब्रिज के नीचे सो रहे एक हमाल की लाठी से सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजेश महाराज के रूप में हुई है, जो हमाली का काम करता था। वह रेलवे ओवरब्रिज के नीचे अन्य मजदूरों के साथ अस्थायी रूप से रहकर जीवनयापन करता था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार सुबह राजेश का उसके साथ रहने वाले एक अन्य हमाल से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट भी हुई, हालांकि वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।
बताया जा रहा है कि दोपहर में राजेश चबूतरे पर सो रहा था। इसी दौरान आरोपी दोबारा वहां पहुंचा और लाठी से उसके सिर पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी एम.बी. पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *