भैंस की तलाश में जंगल गया युवक हाथी के हमले का शिकार, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कटघोरा। कटघोरा वनमंडल के जटगा वन परिक्षेत्र अंतर्गत धवलपुर गांव में कल देर रात हाथी के हमले में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष कुमार गोंड (35) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार गोंड अपनी लापता भैंस की तलाश में जंगल गया था। इसी दौरान जंगल में विचरण कर रहे एक हाथी से उसका सामना हो गया। हाथी ने उस पर हमला कर दिया और कुचलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद धवलपुर सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
संतोष कुमार गोंड अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उसके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है। तीनों बच्चे अभी अविवाहित हैं। संतोष ही परिवार की आजीविका और जिम्मेदारियों का निर्वहन करता था। उसकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट गहरा गया है। गांव में शोक का माहौल है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता जताते हुए वन विभाग से नियमित गश्त, प्रभावी निगरानी और समय पर अलर्ट जारी करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। साथ ही पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा एवं हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।
