बैंक से रकम निकालते समय रहें सतर्क: कोरबा पुलिस ने जारी की एडवाइजरी और छत्तीसगढ़ी में जागरूकता संदेश

कोरबा। जिले में बैंक से पैसे निकालने के बाद लूटपाट की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बैंक से नगद राशि निकालते समय विशेष सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।
पुलिस के अनुसार बैंक से बड़ी रकम निकालने के बाद अकेले सुनसान स्थानों पर न जाएं। संभव हो तो 3–4 विश्वसनीय लोगों के साथ रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि पैसा निकालने के बाद बीच रास्ते में अनावश्यक रूप से न रुकें और वाहन की डिक्की या डैशबोर्ड में नगदी खुला न छोड़ें। लापरवाही से गाड़ी में पैसा रखना अपराधियों को मौका दे सकता है। साथ ही नागरिकों से सुनसान रास्तों से बचने की भी अपील की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय है। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी मिलने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 9479193399 पर संपर्क करें।
कोरबा पुलिस की इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को जागरूक कर लूट जैसी घटनाओं पर रोक लगाना है।


