नूनेरा में तेज रफ्तार ट्रेलर का कहर: बाइक सवार 3 युवकों को कुचलते हुए पलटा, मौके पर हुई युवकों की मौत
पाली क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, ट्रेलर के नीचे दब गए थे शव, जेसीबी और हाइड्रा की मदद से निकाले गए, चालक फरार
कोरबा। जिले के पाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नूनेरा के पास एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा एक लापरवाह और तेज रफ्तार ट्रक चालक की वजह से हुआ, जिसने मोटरसाइकिल सवार युवकों को कुचलते हुए ट्रक पलट दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आज सुबह लगभग 9बजे ट्रक तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा रहे मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों के ऊपर चढ़ गया और उसके बाद ट्रक वहीं पलट गया। हादसा इतना अचानक और भयावह था कि युवकों को संभलने का कोई मौका तक नहीं मिला।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। ट्रक के पलट जाने के कारण शव उसके नीचे दब गए थे, जिन्हें निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को हटाया गया।

फिलहाल मृतकों की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और ओवरस्पीडिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।



