Uncategorized

कोरबा में अवैध कबाड़ कारोबार पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, शासकीय जमीन पर बने राताखार, मुड़ापार और झगरहा के यार्ड बुलडोजर से ध्वस्त

कोरबा। कोरबा शहर में शासकीय जमीन पर कब्जा कर संचालित किए जा रहे अवैध कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई अवैध कबाड़ यार्डों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में यह संयुक्त अभियान चलाया गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर शासकीय जमीनों पर अवैध कब्जा कर संचालित किए जा रहे कबाड़ व्यवसाय और वहां बनाए गए कबाड़ यार्डों को नेस्तनाबूद करते हुए प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध कब्जा और अवैध कारोबार किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं होगा।

कार्रवाई के दौरान राताखार क्षेत्र में कबाड़ कारोबारी मुकेश साहू द्वारा लगभग 70 डिसमिल शासकीय जमीन पर कब्जा कर बनाए गए दो कबाड़ यार्डों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर भारी मात्रा में कबाड़ भी पाया गया। इसी परिसर में बनाए गए बाउंड्रीवाल को भी जेसीबी के माध्यम से तोड़ दिया गया। वहीं परिसर में बने तीन मंजिला मकान के संबंध में संबंधित व्यक्ति को कल तक का समय दिया गया है कि वह अपना सामान हटा लें, इसके बाद उक्त मकान को भी तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

इसी प्रकार मुड़ापार रामनगर क्षेत्र में कबाड़ कारोबारी तनवीर द्वारा लगभग एक-एक एकड़ शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाए गए दो कबाड़ यार्डों पर भी प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया।
वहीं झगरहा बस्ती क्षेत्र में कबाड़ कारोबारी सियाराम और मदनलाल द्वारा लगभग 50 डिसमिल जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाए गए दो कबाड़ यार्डों पर भी प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें बुलडोजर के माध्यम से ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण कर बिना अनुमति संचालित किए जा रहे अवैध कबाड़ यार्डों की पहचान कर आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से अवैध कारोबार और अवैध कब्जा करने वालों को कड़ा संदेश दिया गया है कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *