होली के दिन साथियों संग उत्पात मचाते हुए कई लोगों पर सर्जिकल ब्लेड से हमला कर मुख्य आरोपी नानू फरार, सूचना देने वाले को मिलेगा 5 हजार का इनाम, एसपी ने की घोषणा
कोरबा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोरबा ने एक फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। यह घोषणा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी (भापुसे) द्वारा पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए के तहत जारी की गई है।
जारी उद्घोषणा के अनुसार थाना कोतवाली के दो अलग-अलग प्रकरणों में आरोपी नानू उर्फ प्रतीक यादव (20 वर्ष), निवासी मोतीसागर पारा कोरबा घटना के बाद से फरार है। पहले मामले में आरोपी ने 4 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे अपने साथियों के साथ मिलकर प्रार्थी मोहन सिंह राजपूत व अन्य लोगों पर सर्जिकल ब्लेड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वहीं दूसरे प्रकरण में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रार्थी मुकेश यादव व अन्य पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर चोट पहुंचाई थी।
दोनों घटनाओं के बाद से आरोपी फरार है और उसकी लगातार तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल सका है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने घोषणा की है कि आरोपी की गिरफ्तारी संबंधी महत्वपूर्ण सूचना देने या उसे पकड़वाने वाले व्यक्ति को 5,000 रुपये नगद पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक कोरबा का निर्णय अंतिम होगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि आरोपी के संबंध में कोई जानकारी हो तो वे पुलिस नियंत्रण कक्ष कोरबा (07759-224500), 94791 93308 या थाना कोतवाली (07759-224031) पर सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।



