रेल कॉरिडोर की नई पटरी पर कबाड़ चोरों की नजर, जटगा बरबसपुर में 6.5 टन रेलवे ट्रैक बरामद
पोड़ी उपरोड़ा। छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर की नई रेल लाइन का काम अब कबाड़ चोर गिरोह के निशाने पर नजर आ रहा है। बांकी मोंगरा के बाद जटगा चौकी क्षेत्र में पुलिस ने किराए के मकान में दबिश देकर भारी मात्रा में रेलवे की कटी हुई पटरी बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही मकान में रहने वाला संदिग्ध युवक मौके से फरार हो गया।
जटगा चौकी पुलिस ने बरबसपुर गांव में एक पक्के मकान पर कार्रवाई करते हुए करीब 6.5 टन यानी 6 हजार 480 किलो वजन की 36 नग रेलवे पटरी बरामद की है। मौके से स्वराज माजदा वाहन, ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस सिलेंडर, गैस कटर सहित रेलवे सामग्री काटने में इस्तेमाल होने वाले अन्य औजार भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मकान मालिक आखिर लाल ने अपना मकान राजू कुमार नामक युवक को किराए पर दिया था। बताया जा रहा है कि राजू कुमार छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर में चल रहे नई रेल लाइन के कार्य से जुड़ी एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस के पहुंचने की जानकारी मिलते ही वह मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मामले की जानकारी रेलवे विभाग के अधिकारियों को दे दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद की गई रेल पटरी किस कंपनी के कार्य से संबंधित है और इसे किस तरह वहां लाकर रखा गया था। रेलवे सामग्री की चोरी में अकेले आरोपी की भूमिका है या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है, इसकी भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने बरामद रेलवे सामग्री और अन्य सामान को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। फरार संदिग्ध युवक की तलाश जारी है। पुलिस को आशंका है कि संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद रेलवे पटरी चोरी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारी सामने आ सकती है।


