गरबा, डांडिया एवं दुर्गा पूजा समितियों की बैठक लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
कोरबा। नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने गरबा, डांडिया और दुर्गा पूजा समितियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने सभी आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर कलेक्टर एवं एडीएम देवेंद्र पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, एसडीएम सरोज महिलांगे और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आयोजन समितियों को सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और प्रतिमा विसर्जन से संबंधित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
सीसीटीवी, महिला सुरक्षा और पार्किंग पर जोर
प्रशासन ने सभी आयोजन समितियों को गरबा, डांडिया और दुर्गा पूजा कार्यक्रमों के लिए आवश्यक अनुमति लेने तथा निर्धारित शर्तों का पालन करने को कहा है। आयोजन स्थलों एवं दुर्गा पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और प्रवेश-निकास द्वारों सहित प्रमुख स्थानों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, अग्नि सुरक्षा, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके साथ ही वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था करने और मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित नहीं होने देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
अधिकारियों ने आयोजन समितियों को साउंड सिस्टम एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित ध्वनि सीमा और समय-सीमा के भीतर करने के निर्देश दिए हैं। छत्तीसगढ़ में लागू कोलाहल नियंत्रण संबंधी कानून, ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम, 2000 तथा उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के लागू निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

दुर्गा विसर्जन में डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए गए हैं। विसर्जन निर्धारित मार्ग और समय-सीमा के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विसर्जन के दौरान हुड़दंग, विवाद, अभद्र व्यवहार या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। नियमों अथवा प्रशासन के निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने सभी आयोजन समितियों से नवरात्रि पर्व की गरिमा बनाए रखते हुए आपसी सौहार्द और अनुशासन के साथ कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की है। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने और पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया है।
सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।


