फर्जी लिंक और APK फाइल से सावधान रहें बिजली उपभोक्ता, ‘मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना’ के नाम पर साइबर ठगी की आशंका
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य पावर कंपनी ने बिजली उपभोक्ताओं को साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील की है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के नाम पर भेजे जा रहे किसी भी अनजान व्हाट्सएप, ई-मेल या एसएमएस लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी प्रकार की एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करने से बचें।
पावर कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह ने बताया कि कंपनी अपनी किसी भी योजना या सेवा के लिए उपभोक्ताओं को कभी भी एपीके फाइल या संदिग्ध वेब लिंक नहीं भेजती। ऐसे में उपभोक्ताओं को इस प्रकार के संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कंपनी के अनुसार मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की जानकारी और पंजीयन के लिए मैदानी स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं को सही जानकारी मिल सके और वे किसी साइबर ठग के झांसे में न आएं।
उपभोक्ताओं से कहा गया है कि वे बिजली बिल का भुगतान केवल “मोर बिजली” मोबाइल एप, पावर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, एटीपी सेंटर या नजदीकी बिजली कार्यालय में ही करें। साथ ही किसी भी मैदानी कर्मचारी को नकद भुगतान करने से बचें।
पावर कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिजली बिल या अन्य जानकारी से जुड़े संदेश केवल “CSPDCL-S” सेंडर आईडी से ही भेजे जाते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए उपभोक्ता पावर कंपनी के केंद्रीकृत कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं या नजदीकी सीएसपीडीसीएल कार्यालय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।



