छोटी लापरवाही बन सकती है बड़ा हादसा: सीपेट में 250 छात्रों को दी गई यातायात नियमों की जानकारी

कोरबा। आज जिले के दर्री स्थित सीपेट संस्थान में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
कार्यक्रम में करीब 250 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान यातायात विभाग से टीआई तेज यादव, एएसआई मनोज राठौर, हेड कांस्टेबल मेहमान कुर्रे, गीतेश देवांगन, दिव्य गजेंद्रपाल एवं कमलेश उपस्थित रहे। वहीं संस्थान के प्रिंसिपल देवेश मेश्राम, आनंद सर सहित अन्य शिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

यातायात अधिकारियों ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की सख्त सलाह दी।
टीआई तेज यादव ने कहा कि यदि युवा अभी से यातायात नियमों को अपने जीवन में अपनाएं, तो दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात संकेतों, सड़क पर सुरक्षित व्यवहार और दुर्घटनाओं से बचाव के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्रों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए सवाल पूछे और नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी और प्रेरणादायक साबित हुआ।



