2 सेकंड की देरी पड़ती भारी: चलती XUV में आग, बाहर निकलते ही लॉक हुआ दरवाजा
कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र के जैलगांव चौक मुख्य सड़क पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलती हुई महिंद्रा XUV कार में अचानक आग लग गई। चालक की सूझबूझ से समय रहते वाहन से कूदकर जान बचा ली गई।

जानकारी के अनुसार, कार में चालक सहित दो लोग सवार थे, जो कोरबा से सूरजपुर एक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वाहन जैलगांव चौक के पास पहुंचा, कार के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत गाड़ी रोक दी और सभी को बाहर निकलने के लिए कहा।
बताया जा रहा है कि चालक जैसे ही कार से बाहर निकला, कुछ ही सेकंड में वाहन में आग की लपटें उठने लगीं। चौंकाने वाली बात यह रही कि बाहर निकलने के लगभग 2 सेकंड बाद ही कार का दरवाजा लॉक हो गया।
देखते ही देखते कार धू-धूकर जलने लगी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।