पीएम किसान की 22वीं किस्त जारी: कोरबा के 79 हजार से अधिक किसानों के खातों में 16.14 करोड़ रुपये पहुंचे

कोरबा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से ‘पी.एम. किसान उत्सव दिवस’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 13 मार्च को असम के गुवाहाटी से योजना की 22वीं किस्त का देशव्यापी डिजिटल हस्तांतरण किया गया।

इसके तहत कोरबा जिले के 79 हजार 629 पात्र किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण) के माध्यम से कुल 16 करोड़ 14 लाख रुपये की राशि सीधे जमा की गई। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कृषि विज्ञान केन्द्र लखनपुर में आयोजित हुआ, जहां किसानों और अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के उद्बोधन और किश्त हस्तांतरण का वेबकास्टिंग के माध्यम से लाइव प्रसारण देखा।

कार्यक्रम में कृषि विभाग के विशेषज्ञों ने किसानों को योजना का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त करने के लिए ई-केवाईसी पूर्ण कराने, बैंक खातों में आधार सीडिंग कराने तथा ‘फार्मर आईडी’ की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। साथ ही “नो यूअर स्टेट्स” मॉड्यूल का प्रदर्शन कर किसानों को अपने खाते और प्राप्त किश्त की स्थिति ऑनलाइन देखने की प्रक्रिया भी बताई गई।
जिले में यह कार्यक्रम जिला, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर भी आयोजित किया गया, जिसमें कुल 650 हितग्राही शामिल हुए। वहीं जिला स्तरीय मुख्य समारोह में 65 प्रगतिशील किसानों की सक्रिय सहभागिता रही। शासन की इस पहल का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से लघु एवं सीमांत किसानों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।



