कटघोरा में दिनदहाड़े 2 लाख की चोरी: बैंक ऑफ बड़ौदा के बाहर सेकंडों में डिक्की साफ, CCTV में कैद वारदात
कोरबा।जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे एक चौंकाने वाली चोरी की वारदात सामने आई। बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने अज्ञात बदमाशों ने बाइक की डिक्की से ₹2 लाख नगद पार कर दिए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार अधिवक्ता सुरेश कुमार शर्मा बैंक से ₹2 लाख निकालकर बाहर निकले थे। उन्होंने रकम अपनी बाइक की डिक्की में रखी ही थी कि पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दे दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही अधिवक्ता का ध्यान कुछ पल के लिए हटा, दो युवक सक्रिय हुए और कुछ ही सेकंड में डिक्की खोलकर नकदी निकाल ली। आरोपी एक बाइक पर सवार थे और दोनों ने हेलमेट पहन रखा था, ताकि पहचान छिपी रहे। पीछे बैठे युवक ने तेजी से डिक्की खोली, जबकि चालक बाइक स्टार्ट रखकर तुरंत फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं, जिसके आधार पर उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है।



