लैंको अडानी प्रबंधन की मनमानी: 8 घंटे के वेतन पर 12 घंटे का लिया जा रहा है काम, सुरक्षा उपकरण भी नहीं मिल रहा, मजदूरों ने कर दिया हड़ताल

कोरबा। कोरबा जिले के पताड़ी स्थित अदानी पावर प्लांट में ठेका कर्मचारियों ने मंगलवार सुबह से काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी। मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
हड़ताल पर बैठे मजदूरों का कहना है कि उनसे 12 घंटे काम कराया जाता है, लेकिन मजदूरी 12 घंटे के हिसाब से नहीं दी जाती। साथ ही उन्हें आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं कराए जाते और भुगतान भी समय पर नहीं होता।

मजदूरों ने अपनी प्रमुख मांगों में कहा है कि उन्हें सरकारी नियमों के अनुसार 8 घंटे ही ड्यूटी कराई जाए और उसी आधार पर उचित मजदूरी दी जाए। उन्होंने अकुशल, अर्ध-कुशल, कुशल और अति-कुशल श्रमिकों के लिए क्रमशः ₹783, ₹868, ₹954 और ₹1035 प्रतिदिन मजदूरी तय करने की मांग रखी है।
इसके अलावा मजदूरों ने हर महीने 1 से 7 तारीख के बीच भुगतान सुनिश्चित करने, सप्ताह में एक अवकाश और महीने में चार रविवार की छुट्टी देने की भी मांग की है।
मजदूरों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि दुर्घटना की स्थिति में श्रमिक के परिवार को ₹40 लाख मुआवजा, एक सदस्य को नौकरी और मासिक पेंशन दी जाए। साथ ही कंपनी कार्यस्थल पर होने वाली दुर्घटनाओं की पूरी जिम्मेदारी ले।
इसके अलावा ओवरटाइम का भुगतान दोगुना करने, पीएफ और ईएसआई सुविधा देने, श्रमिकों के लिए मेडिकल सुविधा, पीने के पानी और वॉशरूम की व्यवस्था तथा सभी को आईडी कार्ड जारी करने की भी मांग की गई है।
मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।



