Uncategorized

चक्रवात का असर: 28-29 अक्टूबर को कोरबा में बारिश की संभावना, ऑरेंज अलर्ट जारी

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के दिए निर्देश, नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील

कोरबा। चक्रवात के प्रभाव से कोरबा सहित छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चक्रवात के उत्तरी आंध्र प्रदेश तट पर लैंडफॉल करने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश की स्थिति बन सकती है। मौसम को देखते हुए प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम संबंधी चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कंट्रोल रूम सक्रिय रखने के निर्देश

कलेक्टर ने जिला एवं तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखने, मौसम संबंधी चेतावनियों की लगातार निगरानी करने तथा राजस्व, पुलिस, नगर निगम, पंचायत, स्वास्थ्य और विद्युत विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

निचले इलाकों और जलभराव वाले क्षेत्रों पर रहेगी नजर

कलेक्टर ने निचले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों तथा बाढ़ की आशंका वाले स्थानों की पहचान कर राहत एवं बचाव की व्यवस्था तैयार रखने को कहा है। एसडीआरएफ, होमगार्ड और अन्य बचाव दलों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जलाशयों एवं बांधों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।

उन्होंने निर्देशित किया है कि जल निकासी या अन्य परिस्थितियों के कारण किसी क्षेत्र में खतरा उत्पन्न होने पर प्रभावित लोगों को समय रहते सूचना दी जाए और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर श्री दुदावत ने अधिकारियों को तैयारियों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करने और पूरे जिले में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में जनहानि रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील

कलेक्टर ने जिले के नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं पर ध्यान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान निचले इलाकों, जलभराव वाले स्थानों और उफनते नालों के पास जाने से बचें।

यदि किसी क्षेत्र में जलभराव या अन्य आपात स्थिति की जानकारी मिलती है, तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें और राहत एवं बचाव कार्य में जुटे दलों का सहयोग करें।

प्रशासन ने संभावित बारिश को देखते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *