कोरबा: कमला नेहरू महाविद्यालय में स्नातक प्रवेश शुरू, अटल विश्वविद्यालय पोर्टल खुला—30 जून तक पंजीयन, 2 जुलाई को मेरिट सूची

कोरबा। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के बाद कमला नेहरू महाविद्यालय में संचालित बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए-बीसीए सहित स्नातक पाठ्यक्रमों के प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। विश्वविद्यालय ने प्रवेश पोर्टल खोल दिया है और प्रथम चरण का पंजीयन 16 जून से शुरू हो चुका है, जिसकी अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार प्रथम मेरिट सूची 2 जुलाई को जारी की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को 8 जुलाई तक शुल्क जमा कर प्रवेश लेना होगा। इसके बाद रिक्त सीटों की स्थिति में 9 जुलाई को द्वितीय मेरिट सूची जारी होगी, जिसमें चयनित विद्यार्थियों को 15 जुलाई तक प्रवेश लेने का अवसर मिलेगा।

इसी तरह तृतीय मेरिट सूची 17 जुलाई को जारी होगी, जिसमें 24 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। यदि इसके बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं, तो 25 जुलाई को चतुर्थ मेरिट सूची जारी कर 31 जुलाई तक प्रवेश दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ शासन, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अकादमिक कैलेंडर के तहत यह पूरी प्रक्रिया संचालित की जा रही है। विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों में स्नातक (एनईपी) एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए यही समय-सारणी लागू की गई है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कॉलेज में हेल्पडेस्क की व्यवस्था की गई है। यहां कला, विज्ञान, वाणिज्य और कंप्यूटर साइंस संकाय के प्राध्यापक विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, पंजीयन एवं प्रवेश से संबंधित जानकारी प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सारणी का पालन करते हुए समय पर ऑनलाइन पंजीयन कर अपना प्रवेश सुनिश्चित करें।
