कोरबा प्रेस क्लब में दिनेश राज का दबदबा कायम, विश्वास और अनुभव की जीत के साथ दूसरी बार बने सचिव

News by: हरेंद्र डिक्सेना, जिला ब्यूरो चीफ, जयवीरू न्यूज
कोरबा।प्रेस क्लब कोरबा के चुनाव में वरिष्ठ पत्रकार दिनेश राज ने एक बार फिर सचिव पद पर जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम रखा है। लगातार दूसरी बार इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुने जाने से पत्रकार साथियों और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। परिणाम घोषित होते ही उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया।
दिनेश राज की इस जीत को पत्रकारों ने विश्वास, अनुभव और मजबूत नेतृत्व की जीत बताया है। लंबे समय से सक्रिय और निर्भीक पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले दिनेश राज ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वे पत्रकारों के बीच मजबूत पकड़ रखते हैं।
जीत के बाद उन्होंने कहा कि साथियों ने जिस भरोसे के साथ उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रेस क्लब की गरिमा बनाए रखना, पत्रकारों के हितों की रक्षा करना और संगठन को और अधिक मजबूत बनाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में पत्रकारों की समस्याओं के समाधान, नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन और प्रेस क्लब की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
वरिष्ठ और युवा पत्रकारों ने उनकी इस जीत पर खुशी जाहिर करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में प्रेस क्लब कोरबा नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा।
