दिनदहाड़े जानलेवा हमला: पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवबालक तोमर के दोनों पैर तोड़े, पुराने विवाद में जिला पंचायत सदस्य पर आरोप
कोरबा। जिले के सिविल लाइन क्षेत्र में आज दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष शिवबालक सिंह तोमर पर प्राणघातक हमला कर उनके दोनों पैर स्टील रॉड से मारकर तोड़ दिए गए।
मिली जानकारी के अनुसार, इस हमले के पीछे पुराने विवाद को वजह बताया जा रहा है। आरोप है कि जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। गंभीर रूप से घायल तोमर को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि रज्जाक अली और तोमर के भतीजे के बीच पहले से विवाद चल रहा था। हाल ही में एक मामले में भतीजे की गिरफ्तारी भी हुई थी। इसी विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से शिवबालक तोमर ने बातचीत की पहल की थी।
सूत्रों के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे रज्जाक अली ने तोमर को अपनी गाड़ी में बैठाकर बातचीत के बहाने साथ ले गया। आईटीआई रामपुर चौक के पास गाड़ी रोककर अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। लोहे की रॉड से दोनों पैरों पर ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे उनके पैर बुरी तरह टूट गए।
घटना के बाद तोमर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इस घटना से भाजपा नेताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
घटना की सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी और महापौर संजू देवी राजपूत समेत कई जनप्रतिनिधि मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
पुलिस अधीक्षक को मामले की त्वरित एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इस दौरान पूर्व महापौर जोगेश लांबा, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, योगेश जैन, पार्षद नरेंद्र देवांगन, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, लक्ष्मण श्रीवास सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता अस्पताल में मौजूद रहे।
