गणेश तालाब छुरी सफाई के दौरान बड़ा हादसा: जलकुंभी में फंसकर मजदूर की मौत, सुरक्षा लापरवाही पर सवाल
कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित गणेश तालाब में सोमवार को सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 50 वर्षीय श्यामलाल सारथी की जलकुंभी में फंसकर गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, श्यामलाल अपने पांच साथियों के साथ तालाब की सफाई करने उतरा था। सफाई करते-करते वह तालाब के बीच हिस्से तक पहुंच गया, जहां घनी जलकुंभी और कीचड़ के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया। पैर फिसलने के बाद वह जलकुंभी में उलझ गया और गहराई में डूब गया।
साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तालाब की गहराई और फिसलन के चलते वे सफल नहीं हो सके। घटना के बाद तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई। कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और कोरबा से गोताखोरों को बुलाया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने शव बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मजदूरों को बिना लाइफ जैकेट, रस्सी या अन्य सुरक्षा उपकरणों के ही तालाब में उतारा गया था। कटघोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और ठेकेदार व पंचायत कर्मियों से पूछताछ की जा रही है। लापरवाही के पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है।
धार्मिक आस्था से जुड़ा है गणेश तालाब
छुरी का गणेश तालाब क्षेत्र का एक प्रमुख और आस्था का केंद्र है। तालाब के बीच में स्थापित गणेश प्रतिमा के कारण यह ‘गणेश तालाब’ के नाम से प्रसिद्ध है। हर वर्ष गणेश उत्सव सहित अन्य धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। तालाब की सफाई का ठेका पंचायत द्वारा दिया गया था, लेकिन सुरक्षा मानकों की अनदेखी इस दर्दनाक हादसे की वजह बन गई।
