कोरबा समेत छत्तीसगढ़ में मानसून से पहले बदला मौसम, गर्मी के बीच अंधड़-बारिश का दौर, कई जिलों में यलो अलर्ट

रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। तापमान में बढ़ोतरी के बीच कहीं अंधड़ और बारिश तो कहीं उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर के साथ-साथ कोरबा सहित कई जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिल रहा है।
मंगलवार को रायपुर के कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश और बूंदाबांदी हुई। इसके बाद निकली तेज धूप ने रात तक उमस बढ़ा दी, जिससे लोग बेचैन रहे। वहीं बिलासपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का उच्च स्तर माना जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तरी इलाकों में तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं अगले 5 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
मंगलवार को बस्तर संभाग में लोकल सिस्टम के कारण अच्छी बारिश हुई, जहां 5 सेमी तक पानी गिरा। इसके अलावा करपावंड, जशपुरनगर, रामानुजनगर और दरभा में 2 से 3 सेमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि सक्ती, मनोरा और कोंडागांव में 1 सेमी बारिश हुई।

बुधवार को रायपुर और आसपास के इलाकों के साथ कोरबा जिले में भी बादल छाए रहने, अंधड़ और बारिश के आसार हैं। आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने कोरबा, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
