कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घोर लापरवाही: स्टाफ इलाज छोड़कर जन्मदिन मनाते हुए झूमते-नाचते दिखे, मरीज रहें परेशान
कटघोरा। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें मेडिकल स्टाफ मरीजों का इलाज करने के बजाय जन्मदिन का जश्न मनाते नजर आ रहा है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो ओपीडी समय का है, जब बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे हुए थे। आरोप है कि उस दौरान डॉक्टर और स्टाफ मरीजों की जांच और उपचार करने के बजाय अपने चैंबर में जन्मदिन मनाने में व्यस्त थे। इस दौरान मरीजों के परिजन परेशान होकर इंतजार करते रहे, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई।

वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में पहले से ही व्यवस्थाएं बदहाल हैं, और अब इस तरह की लापरवाही ने स्थिति को और चिंताजनक बना दिया है।
अस्पताल में लगाए गए कूलर भी सिर्फ दिखावे तक सीमित हैं। कई कूलरों के पंप खराब पड़े हैं, जबकि कई में पानी तक नहीं भरा जा रहा। कुछ वार्डों में कूलर की व्यवस्था ही नहीं है, जिसके कारण मरीज और उनके परिजन भीषण गर्मी में हाथ के पंखों से राहत पाने को मजबूर हैं।
इसके अलावा अस्पताल परिसर में फैली गंदगी और बदबू ने हालात को और खराब कर दिया है। नालियों में जमा गंदगी से संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को राहत मिलने के बजाय यहां बीमारी बढ़ने का डर सताने लगा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।



