कटघोरा में दर्दनाक सड़क हादसा: पूजा के लिए फूल लेकर लौट रहे व्यापारी की मौत, टक्कर मारकर पिकअप चालक फरार
कटघोरा।कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत शहीद वीर नारायण सिंह चौक के पास शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन की चपेट में आने से स्थानीय प्रतिष्ठित हार्डवेयर व्यापारी दीपक गोयल की मौत हो गई।
पूजा के लिए फूल लेकर लौट रहे थे
मिली जानकारी के अनुसार, कटघोरा निवासी दीपक गोयल रोज की तरह सुबह अपने घर में पूजा-पाठ के लिए बाइक से फूल लेने गए थे। फूल लेकर वापस लौटते समय शहीद वीर नारायण सिंह चौक के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
मानवता शर्मसार: बाइक घसीटते हुए भागा चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद भी पिकअप चालक ने वाहन नहीं रोका। वह दुर्घटनाग्रस्त बाइक को वाहन के नीचे फंसाकर काफी दूर तक घसीटता हुआ मौके से फरार हो गया। इस घटना ने लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।
अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल दीपक गोयल को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई: वाहन जब्त, चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। हालांकि, आरोपी चालक अभी भी फरार है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश जारी है।



