पसान थाना क्षेत्र के गांव में युवक हाईटेंशन टावर पर चढ़ा, 2 घंटे बाद सुरक्षित उतारा गया
कोरबा।जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत समेरा गांव (पटेल पारा) में सोमवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। घरेलू विवाद से परेशान एक युवक हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या का प्रयास करने लगा।
जानकारी के अनुसार, केवल सिंह (24 वर्ष) सुबह करीब 11 बजे गांव के पास स्थित हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पसान थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस और ग्रामीण लगातार युवक को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह लंबे समय तक टावर पर ही डटा रहा, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद दोपहर लगभग 1 बजे युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना के बाद युवक को सुरक्षित हिरासत में लेकर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
समय रहते पुलिस और ग्रामीणों की सतर्कता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।


