774 सड़कों का शिलान्यास: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी विकास को रफ्तार, कोरबा को 55 नई सड़कों की सौगात

कोरबा।प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-04) के तहत प्रदेश में विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में 2,225 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बनने वाली 774 सड़कों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम ‘प्रधानमंत्री धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका वर्चुअल प्रसारण सभी जिलों में किया गया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 375 अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों का शुभारंभ भी किया और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘मोर गांव, मोर पानी, मोर तरिया’ अभियान की शुरुआत की।

कोरबा जिले में टी.पी. नगर स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि के रूप में उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन शामिल हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जिले में स्वीकृत कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया तथा क्षेत्रवासियों को बधाई दी।

अपने उद्बोधन में लखनलाल देवांगन ने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रधानमंत्री धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत कोरबा जिले को 55 नई सड़कों की सौगात मिली है, जिससे क्षेत्र के विकास की दिशा और दशा दोनों में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।

उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और व्यापार, कृषि, शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। विशेष रूप से पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड में सर्वाधिक सड़क कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित होगी।
लखनलाल देवांगन ने बताया कि कोरबा जिले में 55 सड़कें, 67 नवीन बसाहटों को जोड़ने वाले कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनकी कुल लंबाई 162.81 किलोमीटर है तथा इन पर ₹15,449.69 लाख की लागत व्यय की जाएगी। उन्होंने इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आगे बढ़ाया जा रहा है।
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में बसे गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रमुख उद्देश्य है और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में यह संकल्प साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क विकास से न केवल जनजातीय समाज बल्कि सभी वर्गों के लोगों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने विकसित भारत विजन 2047 को ध्यान में रखते हुए सुदृढ़ सड़क संपर्क को आवश्यक बताया और कहा कि इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
कार्यक्रम में अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं, किसानों एवं मनरेगा श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर सुलभ कराने की जानकारी दी गई। महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य शासकीय सेवाएं अब इन केंद्रों के माध्यम से आसानी से प्राप्त की जा सकेंगी।
‘मोर गांव, मोर पानी, मोर तरिया’ अभियान को जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा गया कि यह ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों के संरक्षण एवं उपयोगिता को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा। यह परियोजनाएं जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों एवं पांचों विकासखंडों में क्रियान्वित होंगी।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने उपस्थित नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन विकास कार्यों से जिले के दूरस्थ क्षेत्रों तक सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित होगी और आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।



