Uncategorized

कोरबा–कुसमुंडा मार्ग पर चक्काजाम, फोरलेन सड़क व ओवरब्रिज निर्माण को लेकर उग्र हुआ आंदोलन

कोरबा। कोरबा–कुसमुंडा मार्ग स्थित इमलीछापर चौक में चक्काजाम आंदोलन तेज हो गया। सुबह करीब 11 बजे शुरू हुए इस आंदोलन में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय व्यापारी और बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।
आंदोलनकारियों की मुख्य मांग लंबे समय से अधूरे पड़े फोरलेन सड़क और ओवरब्रिज निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की है। उनका कहना है कि अधूरे कार्य के कारण इमलीछापर चौक पर आए दिन जाम लगता है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

चक्काजाम के चलते मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। दुपहिया वाहनों को विकास नगर कॉलोनी के अंदरूनी रास्तों से निकाला जा रहा है, जबकि चार पहिया और भारी वाहनों की लंबी कतार सड़क के दोनों ओर लग गई है।

आंदोलन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि कांग्रेसियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उन्हें लिखित और ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
गौरतलब है कि कुसमुंडा का इमलीछापर चौक जाम की समस्या के लिए लंबे समय से बदनाम रहा है। अधूरी सड़क और रेलवे ओवरब्रिज की कमी के कारण यहां लगने वाला जाम कोरबा शहर से लेकर बांकी और गेवरा तक असर डालता है। स्थानीय लोग इसके लिए प्रशासन, एसईसीएल और रेल प्रबंधन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *